Search

 
 
 

धनबादः बकरीद को लेकर प्रशासन चौकस, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

डीसी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार पर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. लोगों से अपील की कि यदि कोई अफवाह फैलाता है, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित थाना को दें.
 

जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में डीसी, एसएसपी ने लिया भाग

Dhanbad : बकरीद को लेकर धनबाद जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा. बैठक में सदस्यों ने पेयजल, बिजली, सफाई आदि से संबंधित जो भी मुद्दे उठाए हैं, जिला प्रशासन उनका समाधान करने का प्रयास करेगा. डीसी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार पर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई अफवाह फैलाता है, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित थाना को दें.

बैठक में मौजूद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि त्योहार के अवसर पर कानूनी रूप से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं दी जानी चाहिए. ऐसा करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.उन्होंने यह भी कहा कि शांति समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर उपद्रवियों की पहचान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें. खासतौर पर बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर नजर रखने की अपील की. बैठक में डीडीसी सादात अनवर, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, एडीएम पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, एसडीओ राजेश कुमार, अपर समाहर्ता विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी व शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही