Search

 
 
 

धनबादः बरमसिया ओवरब्रिज 45 दिन बाद खुला, छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू

पिछले करीब 45 दिनों से पुल बंद रहने के कारण क्षेत्र की 10 हजार से अधिक आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित थी.
 

Dhanbad : धनबाद शहर के बरमसिया ओवरब्रिज को तय समय से एक दिन पहले ही आम जनता के लिए आंशिक रूप से खोल दिया गया है. पुल पर शनिवार से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है. इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. पिछले करीब 45 दिनों से पुल बंद रहने के कारण क्षेत्र की 10 हजार से अधिक आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित थी. सड़कों पर रोजाना जाम की स्थिति थी.


पुल के खुलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बंद रहने से रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो गई थी. लंबा चक्कर लगाने से समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही थी. अब पुल खुलने से आवागमन सुगम होगा और शहर को जाम की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी.

 

गौरतलब है कि लगातार बारिश के कारण बरमसिया पुल में लगे स्लैब अपनी जगह से खिसक गये थे, जिससे पुल की स्थिति कमजोर हो गई थी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 5 नवंबर से पुल को करीब 45 दिनों के लिए पूरी तरह बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कराया था.


पुल बंद रहने के दौरान जिला प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए थे. भारी मालवाहक वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम से भुदा होते हुए बलियापुर मार्ग तय किया गया था. वहीं, छोटे वाहनों के लिए मनईटांड़, हावड़ा मोटर, धनसार चौक, जेपी चौक, बिरसा चौक, श्रमिक चौक और रणधीर वर्मा चौक होते हुए आवाजाही की व्यवस्था की गई थी. इन लंबे वैकल्पिक मार्गों के कारण लोगों को काफी दिक्कतों और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा था.

 

डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर पुल के गार्डवॉल के मजबूतीकरण के साथ-साथ ऊपरी सड़क की मरम्मत का कार्य किया गया. मरम्मत पूरी होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पहले चरण में पुल को केवल छोटे वाहनों के लिए खोला है. अधिकारियों के अनुसार, पुल की लोड टेस्टिंग रिपोर्ट आने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी.


Lagatar Med.a की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही