Search

 
 
 

धनबादः बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, चोरी की 4 बाइक बरामद

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की चार बाइक, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन व कटिंग किए गए कई पार्ट्स बरामद किए गये हैं.
 

Dhanbad : धनबाद पुलिस ने धनसार थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं में लिप्त अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की चार बाइक, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन व कटिंग किए गए कई पार्ट्स बरामद किए हैं.
यह जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने शनिवार को प्रेसवार्ता में दी.

उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को शंकर नगर बरमसिया निवासी सुरेश सिंह ने धनसार थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी होंडा साइन बाइक चोरी हो गई है. इससे पहले 17 अगस्त को टाटा मोटर्स के पास से एक बाइक चोरी की घटना सामने आई थी. इन बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की.

जांच में सफेद और ब्लू टी-शर्ट पहने एक युवक बाइक चोरी करते दिखा. युवक की पहचान झरिया के भगतडीह निवासी राजा राउत उर्फ राजकुमार राउत के रूप में हुई. राजकुमार पर पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह हाल ही में जेल से बाहर आया था. उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद 22 अगस्त की रात झरिया थाना पुलिस की मदद से उसे दबोच लिया गया. पूछताछ में राजकुमार ने अपराध स्वीकार करते हुए अपने दो साथियों के नाम बताए. इनमें बोकारो जिले का चंद्रपुरा निवासी मोहम्मद असलम और दूसरा नावाडीह थाना क्षेत्र के मंगो का मोहम्मद इरफान है.

पुलिस ने उन दोनों को भी गिरफ्तार कर उनके ठिकानों से चोरी की  बाइक और कटिंग किए गए पार्ट्स बरामद किए. सिटी एसपी ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने दो होंडा साइन, एक स्प्लेंडर प्लस, हीरो ग्लैमर के कटिंग पार्ट्स और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पूछताछ में अपराधियों ने कबूल किया कि उनलोगों ने अब तक धनसार, बैंकमोड़, तोपचांची और कतरास थाना क्षेत्र में 10 बाइक की चोरी की है. चोरी की गाड़ियां या तो मोडिफाई कर बेच दी जाती थीं या फिर गैरेज में काटकर पुर्जों को बेच दिया जाता था.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही