- महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम- ढुल्लू महतो
Dhanbad : सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला महिला मोर्चा के बैनर तले नारी सशक्तिकरण के समर्थन में एक भव्य पदयात्रा निकाली गई. पंचायत से पार्लियामेंट तक निर्णय में नारी नव भारत की तैयारी थीम पर आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार व्यक्त किया.
पदयात्रा की शुरुआत जिला परिषद कार्यालय से हुई जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची और वहां से आगे बढ़कर मिश्रित भवन में समापन हुआ. पूरे मार्ग में महिला कार्यकर्ताओं ने नारी सशक्तिकरण के समर्थन में जोशपूर्ण नारे लगाए और आम लोगों को भी इस कानून के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया.
इस मौके पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी पदयात्रा में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह अधिनियम देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए इतना बड़ा और ठोस निर्णय लिया है.
सांसद ढुल्लू महतो ने आगे कहा कि इस अधिनियम के लागू होने के बाद महिलाएं संसद में अपनी बात और अधिक मजबूती से रख सकेंगी. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस कानून का समर्थन करें ताकि देश की महिलाएं और अधिक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बन सकें.
वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और राज्यसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार मिलना महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबरी का अवसर मिलेगा जिससे समाज और देश के समग्र विकास को गति मिलेगी.
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. पदयात्रा ने शहर में एक सकारात्मक संदेश दिया कि महिलाएं अब केवल सहभागिता तक सीमित नहीं हैं बल्कि नेतृत्व और निर्णय लेने में भी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment