Search

 
 
 

धनबादः बेकारबांध में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, दो युवक गंभीर रूप से घायल

शहर के बेकारबांध इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दर्जनों युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
 

Dhanbad : धनबाद शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए युवकों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. शहर के बेकारबांध इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दर्जनों युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


पूरा मामला आपसी रंजिश व एक दिन पहले हुई मारपीट की घटना का बदला लेने से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार बेकारबांध निवासी धर्मेंद्र कुमार बुधवार को काम के सिलसिले में जियोमार्ट गया था. वहां मौजूद कुछ वेंडरों ने उसका विरोध किया. विवाद बढ़ने पर वेंडर करण ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट कर दी थी.


इसी बात को लेकर गुरुवार को धर्मेंद्र ने बेकारबांध के पास करण को रोककर मारपीट के बारे में पूछताछ की. इस पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. करण ने फोन कर अपने 20-25 साथियों को बुला लिया. कुछ ही देर में जियोमार्ट से जुड़े युवक लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए और धर्मेंद्र पर हमला कर दिया. बीच सड़क पर लाठी-डंडे चलने से इलाके में दहशत फैल गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. हमले में धर्मेंद्र कुमार का भाई गौतम कुमार और करण गुट का एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों के सिर में गहरी चोटें आई हैं.


सूचना मिलते ही धनबाद सदर थाना की एएसआई सीमा किंडो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने उग्र युवकों को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित किया. एएसआई सीमा किंडो ने बताया कि यह विवाद एक दिन पहले हुई मारपीट की घटना का परिणाम है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही