Search

 
 
 

धनबादः निमंत्रण विवाद पर उबाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका डीआरएम का पुतला

झरिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा का पुतला दहन किया. रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.
 
झरिया में डीआरएम का पुतला दहन करते भाजपा कार्यकर्ता.

Dhanbad : धनबाद-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन समारोह से पहले आमंत्रण रद्द किए जाने के फैसले ने कोयलांचल की सियासत में उबाल ला दिया है. रेलवे का पहले जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करना, फिर ऐन मौके पर उनका निमंत्रण रद्द करना बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया है. इस निर्णय के खिलाफ मंगलवार को झरिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा का पुतला दहन किया. रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.


प्रदर्शनकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम को जनप्रतिनिधियों और उनके मतदाताओं का अपमान बताया. भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि 3 अप्रैल को जारी आधिकारिक पत्र के जरिए झरिया विधायक रागिनी सिंह व धनबाद के मेयर संजीव सिंह को आमंत्रण दिया गया था. कार्यक्रम स्थल पर उनके नाम के बैनर व पोस्टर भी लगाए गए थे. लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले निमंत्रण रद्द कर दिया गया, जो बेहद आपत्तिजनक है.

 


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह मामला केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि इसके पीछे किसी राजनीतिक दबाव काम कर रहा है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से जवाब मांगते हुए कहा कि आखिर किसके दबाव में यह निर्णय लिया गया और जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी. कार्यकर्ताओं ने यह भी चेतावनी दी कि यदि मामले में पारदर्शिता नहीं बरती गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही