Search

 
 
 

धनबाद बाउंड्री वॉल विवाद: वकील व स्वास्थ्यकर्मी आमने-सामने, 6 फीट रास्ता देने का फैसला

सदर अस्पताल की बाउंड्री वॉल और कोर्ट परिसर के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को अचानक उग्र हो गया. बाउंड्री वॉल के क्षतिग्रस्त होने और कथित पत्थरबाजी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
 

Dhanbad : सदर अस्पताल की बाउंड्री वॉल और कोर्ट परिसर के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को अचानक उग्र हो गया. बाउंड्री वॉल के क्षतिग्रस्त होने और कथित पत्थरबाजी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर तनाव की स्थिति बन गई जिसके बाद प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा. 

 

स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने अधिवक्ताओं पर दीवार तोड़ने और पत्थरबाजी का आरोप लगाया है. वहीं, बार एसोसिएशन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश करार दिया है. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम लोकेश बारंगे और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौसाद आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.

 

लगातार बढ़ते विवाद और अधिवक्ताओं के आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने कोर्ट परिसर में आवागमन सुगम बनाने के लिए 6 फीट चौड़ा रास्ता देने का निर्णय लिया है. इस मुद्दे पर प्रशासन और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता भी हुई.

 

इस संबंध में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने बताया कि प्रशासन के साथ सभी बिंदुओं पर चर्चा हो चुकी है.  शुक्रवार को जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित कर पेन डाउन हड़ताल समाप्त करने पर निर्णय लिया जाएगा. वहीं पत्थरबाजी और दीवार तोड़ने के आरोपों को लेकर दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है.

 

राधेश्याम गोस्वामी ने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से किसी तरह की तोड़फोड़ या पत्थरबाजी नहीं हुई है. कुछ अज्ञात लोगों ने वकीलों के बीच घुसकर घटना को अंजाम दिया है. यह सिविल सर्जन की साजिश है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

 

स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि अधिवक्ताओं की ओर से आज फिर से दीवार तोड़ी गई और पत्थर फेंके गए जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ. उन्होंने प्रशासन से अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की है.

 

इस संबंध में एसडीएम लोकेश बारंगे ने कहा कि दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दीवार क्षतिग्रस्त करने और पत्थरबाजी की घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

 

रास्ता और पार्किंग की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है. प्रशासन के हस्तक्षेप और 6 फीट रास्ता देने के फैसले के बाद समाधान की उम्मीद जगी है. हालांकि तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. फिलहाल कोर्ट परिसर और सदर अस्पताल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही