Search

धनबाद: कांग्रेस ने घोषित किया शमशेर आलम को मेयर व मालती को नगर परिषद अध्यक्ष पद प्रत्याशी

Ranchi: नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी ने मेयर और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. गुरुवार को जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धनबाद मेयर पद के लिए शमशेर आलम और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मालती देवी को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया.

 

प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार नगर निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर रही है. उन्होंने बताया कि संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया गया है और जनता के बीच जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा पार्टी विकास पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी.

 

वहीं कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी शमशेर आलम ने कहा कि पिछले नगर निकाय चुनाव में भी उन्हें जनता का अच्छा समर्थन मिला था और वे 50 हजार से अधिक वोट हासिल करने में सफल रहे थे. इस बार जनता का रुझान और अधिक सकारात्मक है. 

 

उन्होंने कहा कि मैं जनता से बड़े-बड़े वादे नहीं कर रहा हूं, लेकिन इतना भरोसा दिलाता हूं कि जीत के बाद जनता की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा. शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटने की अपील भी की.

 

वहीं चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए घोषित उम्मीदवार मालती देवी ने कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब तबके के लोगों के लिए विशेष योजनाओं पर काम किया जाएगा.

 

जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि पार्टी स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ेगी. शहर की सफाई, जल निकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आ रही है.

 

नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद धनबाद की सियासत और गर्म हो गई है. आने वाले दिनों में सभी दलों के बीच चुनाव प्रचार तेज होने के साथ मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp