Dhanbad : धनबाद में नगर निगम चुनाव की मतगणना 27 फरवरी को होगी. उसी दिन शाम तक परिणाम घोषित करने की तैयारी है. मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. डीसी आदित्य रंजन ने गुरुवार को मतगणना स्थल वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को मतगणना से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
मीडिया से बातचीत में डीसी ने कहा कि मतगणना के लिए टेबल निर्धारित कर दिए गए हैं. किस टेबल पर कौन-सा आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) कर्मी तैनात रहेगा, इसका अंतिम निर्णय मतगणना शुरू होने से ठीक पहले लिया जाएगा. मतों की गिनती सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर रात 8 बजे तक चलेगी. प्रत्याशियों की संख्या के अनुसार पोलिंग एजेंटों को अनुमति दी गई है.
उन्होंने बताया कि पारदर्शिता व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक काउंटिंग हॉल में अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार बनाए गए हैं. एक द्वार से पोलिंग एजेंटों का प्रवेश होगा, जबकि दूसरे से बैलेट बॉक्स का आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा. ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कुल 15 काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं. इनमें 11 हॉल धनबाद नगर निगम के लिए, जबकि 4 हॉल चिरकुंडा नगर परिषद के लिए निर्धारित किए गए हैं. चिरकुंडा क्षेत्र में कुल 42 बूथ होने के कारण वहां की मतगणना पहले पूरी होने की संभावना जताई जा रही है. धनबाद नगर निगम के कुछ वार्डों में अधिक बूथ होने के कारण 11 राउंड तक मतगणना हो सकती है, जबकि औसतन 9 राउंड में गिनती पूरी होने का अनुमान है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment