Search

 
 
 

धनबाद : दिनदहाड़े SBI CSP में लूट, अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर उड़ाए 80 हजार

जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. कमारडीह स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में सोमवार दोपहर तीन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 80 हजार रुपये नगद लूट लिए और फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
 
  • CCTV में कैद हुई वारदात

Dhanbad : जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. कमारडीह स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में सोमवार दोपहर तीन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 80 हजार रुपये नगद लूट लिए और फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. 

 

जानकारी के अनुसार तीनों अपराधी बाइक पर सवार होकर CSP पहुंचे थे. चेहरे पर नकाब लगाए अपराधी अचानक केंद्र के अंदर घुसे और पिस्तौल लहराते हुए वहां मौजूद संचालक सुनील मुर्मू और ग्राहकों को डराने लगे. अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और कुछ ही पलों में माहौल चीख-पुकार में बदल गया. अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर संचालक को कब्जे में लेकर काउंटर में रखे करीब 80 हजार रुपये लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी आराम से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए.

Uploaded Image

सीसीटीवी में दिखे अपराधी

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी बेहद बेखौफ थे और उन्हें किसी तरह का डर नहीं था. इस पूरी घटना की तस्वीर CSP में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं जिसमें अपराधियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं. घटना की सूचना मिलते ही टुंडी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है.

 

हालांकि जब मीडिया ने थाना प्रभारी उमा शंकर से इस बड़ी सुरक्षा चूक को लेकर सवाल पूछना चाहा तो वे कैमरे से बचते नजर आए. पुलिस की इस चुप्पी ने स्थानीय लोगों में नाराजगी को और बढ़ा दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं जिससे आमजन में भय का माहौल है. दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही