Search

 
 
 

धनबादः चंबल एक्सप्रेस में साधु वेश में नशाखुरानी गैंग का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि पिछले 10-11 मार्च की रात धनबाद से बांदा जा रही एक युवती शिवानी अपने पति के साथ चंबल एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही थी. भीड़ अधिक होने के कारण वह ऊपर की बर्थ पर सो गई.
 
गिरफ्तार आरोपियों के साथ आरपीएफ की टीम.

Dhanbad : ट्रेनों में सक्रिय नशाखुरानी गिरोह के खिलाफ धनबाद रेलवे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरपीएफ की CIB टीम ने चंबल एक्सप्रेस में हुई सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए गैंग के सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी साधु का वेश धारण कर यात्रियों को झांसा देकर नशीला पदार्थ खिलाते और लूटपाट करते थे.


आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि पिछले 10-11 मार्च की रात धनबाद से बांदा जा रही एक युवती शिवानी अपने पति के साथ चंबल एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही थी. भीड़ अधिक होने के कारण वह ऊपर की बर्थ पर सो गई.

 


इसी दौरान साधु के वेश में एक आरोपी उसके पास पहुंचा और प्रसाद के नाम पर लड्डू दिया. साथ ही झाड़-फूंक का बहाना बनाकर उसे खाने के लिए प्रेरित किया. लड्डू में नशीला पदार्थ मिला होने के कारण महिला बेहोश हो गई. इसके बाद आरोपी उसके पास से करीब 4 हजार रुपये नकद और चांदी के गहने लेकर फरार हो गया. बेहोशी की हालत में महिला को बांदा स्टेशन पर उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान 15 मार्च को उसकी मौत हो गई.


आरपीएफ की टीम ने 31 मार्च को आसनसोल-गया पैसेंजर ट्रेन में पीछा करते हुए कोडरमा में उक्त गिरोह के सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. उनके पास से अल्प्राजोलम टैबलेट (नशीली दवा), ताबीज, जंतर, मोर पंख, लाल पगड़ी, रुद्राक्ष की माला, नकद राशि व मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही