Search

 
 
 

धनबादः भीखराजपुर में शांति बहाली की कवायद, SSP ने लोगों को दिया सुरक्षा का भरोसा

बैठक में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी व एसएसपी प्रभात कुमार विशेष रूप से शरीक हुए. एसएसपी ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा देते हुए कहा कि निर्दोषों को डरने की जरूरत नहीं है. अफवाहों पर ध्यान नहीं दें.
 
बैठक में भाग लेते विधायक चंद्रदेव महतो, अरूप चटर्जी, एसएसपी व अन्य.

सिंदरी व निरसा विधायक की मौजूदगी में हुई सद्भावना बैठक


Dhanbad : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के भीखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई पथराव की घटना के बाद मंगलवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी व एसएसपी प्रभात कुमार विशेष रूप से शरीक हुए. एसएसपी ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा देते हुए कहा कि निर्दोषों को डरने की जरूरत नहीं है. अफवाहों पर ध्यान नहीं दें. 


बैठक में घटना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने बताया कि जुलूस के दौरान अचानक हुए पथराव से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. बैठक में इस बात की समीक्षा की गई कि किन परिस्थितियों में विवाद बढ़ा और इसमें किन असामाजिक तत्वों की भूमिका रही. दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने आपसी सौहार्द व शांति बनाए रखने का संकल्प दोहराया.

 


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


बैठक के बाद एसएसपी ने मीडिया को बताया कि दोनों समुदायों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई. सभी ने मिलकर शांति बहाली पर सहमति जताई. पुलिस की अब तक की कार्रवाई पूरी तरह कानून के तहत की गई है. एसएसपी ने दोषियों को चेतावनी देते हुए कहा कि तुरंत आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. बैठक में सिटी एसपी, एसडीओ, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर), डीएसपी-1, एसडीपीओ सिंदरी, बलियापुर थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही