Search

 
 
 

झारखंड-चीन के बीच व्यापार व निवेश बढ़ाने पर जोर, चैंबर में हुई अहम बैठक

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में मंगलवार को चीन के कोलकाता स्थित महावाणिज्य दूत शू वेई का स्वागत किया गया.
 

Ranchi : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में मंगलवार को चीन के कोलकाता स्थित महावाणिज्य दूत शू वेई का स्वागत किया गया. इस मौके पर उनके साथ बाई एन और ली शुयुए भी मौजूद रहीं. बैठक के दौरान झारखंड और चीन के बीच व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई.

 

दोनों पक्षों ने माना कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं. चैंबर की ओर से बताया गया कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है, जहां इस्पात, खनन और इंजीनियरिंग जैसे बड़े उद्योग स्थापित हैं. साथ ही, राज्य की भौगोलिक स्थिति और बंदरगाहों की निकटता इसे निवेश के लिए अनुकूल बनाती है.

 

बैठक में खासतौर पर खनन में वैल्यू एडिशन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, फूड प्रोसेसिंग, कृषि और नई ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया. चैंबर ने चीन में एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भेजने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि वहां के उद्योगों से सीधे संपर्क स्थापित किए जा सकें और अंतरराष्ट्रीय मेलों में भागीदारी सुनिश्चित हो सके. महावाणिज्य दूत शू वेई ने झारखंड के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में रुचि जताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.

 

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड में निवेश की असीम संभावनाएं हैं और यह बैठक अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने वाली साबित होगी. वहीं महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि चैंबर राज्य में व्यापार और निवेश के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार प्रयासरत है.

 

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने भविष्य में भी संवाद बनाए रखने और मिलकर काम करने पर सहमति जताई. इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग और सदस्य अरुण जोशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही