Search

 
 
 

धनबादः महिला आयोग के ‘आपके द्वार’ कार्यक्रम में 35 मामलों की  सुनवाई

जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, पारिवारिक कलह से जुड़े कई मामले आए. आयोग ने इन गंभीर विषयों पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि हर महिला को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है.
 

महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताः एसएसपी

Dhanbad : धनबाद जिला समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में मंगलवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी की अध्यक्षता में ‘आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई का आयोजन हुआ. इस दौरान 35 मामलों की सुनवाई की गई. वहीं, 6 नए मामलों को भी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया. जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, पारिवारिक कलह से जुड़े कई मामले आए. आयोग ने इन गंभीर विषयों पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि हर महिला को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है.

आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया. तलाक के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि समाज की नींव को मजबूत बनाए रखने के लिए विवाह पूर्व परामर्श आवश्यक है. उन्होंने कहा सभी जिलों में प्री मैरिज काउंसलिंग सेंटर की शुरुआत की जाएगी. जहां दंपतियों को विवाह के वास्तविक अर्थ और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी.

सुनवाई के बाद महिला आयोग की सदस्य ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धनबाद मंडल कारा, वन स्टॉप सेंटर, सबलपुर वृद्धा आश्रम और सदर अस्पताल के सुदृढ़ीकरण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए कानूनी और सामाजिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया.

कार्यक्रम के अंत में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि आयोग के मार्गदर्शन का पालन किया जाएगा. महिलाओं से संबंधित मामलों की समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और प्रताड़ना की रोकथाम धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. कार्यक्रम में डीडीसी सादात अनवर, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, एडीएम पीयूष सिन्हा, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एसडीओ राजेश कुमार, अपर समाहर्ता विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही