Dhanbad: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरखाबाद में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसमें बाइक सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर आरएस मोड़ रतनपुर से बरवा की ओर जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खैरखाबाद के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की. समय रहते सहायता मिलने से घायलों को तत्काल इलाज मिल सका.
घायलों में अशोक मरांडी के सिर में गंभीर चोट आई है जिसके कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं रेशमा हसदा के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि राम बास्की को भी चोटें आई हैं. तीनों को इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
बताया जा रहा है कि तीनों घायल जीरामुरी राशि टोला के निवासी हैं. हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment