Dhanbad News : विनोद नगर में रविवार को रेलवे लाइन के किनारे एक अधिवक्ता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान धनबाद सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आदित्य केसरी के रूप में हुई है. रेलवे ट्रैक के समीप शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें...
स्थानीय लोगों की सूचना पर आरपीएफ और धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे.
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आदित्य केसरी की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई होगी. हालांकि वह रेलवे लाइन के पास किन परिस्थितियों में पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, आदित्य केसरी के बड़े भाई भी पेशे से अधिवक्ता हैं. उनकी पत्नी भी वकालत के पेशे से जुड़ी हुई हैं. परिवार में हुई इस घटना से शोक की लहर है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

