Search

 
 
 

धनबादः होली को लोकर प्रशासन अलर्ट, जिले को 7 जोन में बांटा गया

डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार व एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले को सात जोन में बांटकर सुरक्षा के इंतजाम किये हैं.
 

3 मार्च की दोपहर से 5  सुबह तक जिला नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय 


Dhanbad : रंगों का त्योहार होली शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार व एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले को सात जोन में बांटकर सुरक्षा के इंतजाम किये हैं. ये सात जोन हैं धनबाद, कतरास, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर व टुंडी. प्रत्येक जोन में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है.

 

होली के अवसर पर 3 मार्च की दोपहर 2 बजे से 5 मार्च सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा. एसडीओ लोकेश बारंगे को नियंत्रण कक्ष का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है. जबकि डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस के वरीय प्रभार में रहेंगे. जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0326-2311217, 2311107 व 112 जारी किए गए हैं. नियंत्रण कक्ष में जीवन रक्षक दवाओं के साथ मेडिकल टीम व एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी.

 

सभी थाना व ओपी में मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी तैनात

 

जिले के सभी थाना व ओपी क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे. धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पूर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना सहित भूली, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलखडीहा, गौशाला, मुनिडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी, भाटडीह व पंचेत ओपी में विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है.

 

लगातार भ्रमणशील रहेगा पुलिस का चलंत दस्ता

 

होली के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार गश्त करेगा. QRT भी तैनात रहेगी. एसडीएम, सभी डीएसपी, एसडीपीओ व साइबर डीएसपी सोशल मीडिया पर सक्रिय निगरानी रखेंगे. वाट्सएप ग्रुप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी. सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.


शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध


होली के अवसर पर जिले की सभी देसी व अंग्रेजी शराब की दुकानें, बार व रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद रहेंगे. शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अवैध शराब की चुलाई, भंडारण व बिक्री करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही