Search

 
 
 

धनबाद : अवैध खनन से भू-धंसान, एक घर जमींदोज, दर्जनों मकानों में आईं दरारें

जब यह घटना हुई, उस वक्त सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे. अचानक जोरदार आवाज सुनकर सबकी नींद खुली. बाहर निकलकर देखा तो पता चला कि जमीन धंस गई है.
 

Dhanbad :  जिले के जोगता थाना क्षेत्र के श्याम बाजार स्थित शबरी बस्ती में सोमवार की सुबह करीब तीन बजे तेज आवाज के साथ बड़ा भूधसान हुआ. इस घटना में एक घर जमींदोज हो गया, जिसमें रखे अनाज और अन्य सामान जमीन में समा गए. वहीं आसपास के दर्जनों घरों में दरारें आ गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. 

 

Uploaded Image

घटना के वक्त सभी सो रहे थे, आवाज सुनकर खुली नींद 

जब यह घटना हुई, उस वक्त सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे. अचानक जोरदार आवाज सुनकर सबकी नींद खुली. बाहर निकलकर देखा तो पता चला कि जमीन धंस गई है. इस हादसे में आलोक रजक का घर पूरी तरह से जमींदोज हो गया. जबकि अरुण रजक का घर गोफ (गड्ढे) की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.

 

इसके अलावा बंदा भुइयां, मुन्ना भुइयां, बैजू भुइयां और भोला भुइयां समेत कई अन्य के घरों में भी दरारें पड़ गई हैं. घटना के दौरान आलोक रजक के पालतू जानवर (गाय और बकरियां) भी गोफ में फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने मिलकर सुरक्षित बाहर निकाला.

Uploaded Image

युवकों ने जान जोखिम में डालकर लोगों को निकाला बाहर

वहीं कुछ युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अरुण रजक और उनके परिवार को घर से बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि यह पूरा इलाका डेंजर जोन के रूप में चिन्हित है और लोगों को यहां रहने के लिए कई बार मना किया जा चुका है. इसके बावजूद लोग यहां रह रहे थे.

Uploaded Image

 

पीड़ित परिवार ने सुनाई आपबीती

पीड़ित परिवार से कल्याणी देवी व रोजी देवी ने बताया कि घर के सभी सदस्य रात में सोए थे. अहले सुबह अचानक एक जोरदार आवाज आई और घर जमीन के अंदर जाने लगा. आनन फानन में घर के सभी सदस्य जान बचाकर किसी तरह बाहर निकले. इसके बाद घर और उसमें रखा सारा सामान धरती में समा गया. इस घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन व बीसीसीएल प्रबंधन से ठोस कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है.

Uploaded Image

 

स्थानीय लोगों का आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

वहीं घटना को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन हो रहा है. इस संबंध में कई बार पुलिस और बीसीसीएल से शिकायत की गई. इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. यही वजह है कि आज यह घटना घटी. स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि तस्करों के डर से अब लोग आवाज उठाने से भी हिचकते हैं.

Uploaded Image

 

बाघमारा विधायक ने भुक्तभोगी परिवार ने की मुलाकात

इधर घटना की जानकारी मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. वहीं घटना की सूचना पर बीसीसीएल के अधिकारियों ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया. हालांकि मीडिया द्वारा सवाल पूछने पर अधिकारी बयान देने से बचते रहे और वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कहकर लौट गए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही