Search

 
 
 

धनबाद: सैर-सपाटे पर गोविंदपुर आए नवोदय विद्यालय छात्र की तालाब में डूबने से मौत, प्रबंधन पर उठे सवाल

जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सैर-सपाटे के दौरान तालाब में नहाने गए नवोदय विद्यालय के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है. वहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
 

Dhanbad: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सैर-सपाटे के दौरान तालाब में नहाने गए नवोदय विद्यालय के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है. वहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं.


जानकारी के अनुसार निरसा के बेनागोरिया स्थित पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय के करीब 12 छात्र घूमने के लिए गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर तालाब पहुंचे थे. इस दौरान सभी छात्र तालाब में नहाने लगे. तभी एक छात्र अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. अन्य छात्रों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

 


मृत छात्र की पहचान आयुष टोपो के रूप में हुई है. जो कक्षा 9 का छात्र था और मूल रूप से हजारीबाग का निवासी था. घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.


घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. यदि उचित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था होती तो छात्र इतनी दूर सैर-सपाटे के लिए नहीं जाते और इस तरह की दुखद घटना टाली जा सकती थी.

 
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है लेकिन इस हादसे ने बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रशासन की जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही