Dhanbad News : झरिया में मानवाधिकार आयोग की धौंस दिखाकर आधी रात को घर में घुसने, परिवार को धमकाने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पीड़िता तबस्सुम परवीन ने महिला समिति और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार न्यायिक सुरक्षा परिषद आयोग का आईडी कार्ड दिखाकर पांच महिलाओं पर उसके परिवार से पैसे ऐंठने और दोबारा रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें
पीड़िता के अनुसार, 17 सितंबर की रात पांच महिलाएं अचानक उसके घर पहुंचीं और खुद को महिला समिति और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार न्यायिक सुरक्षा परिषद आयोग का अधिकारी बताया. महिलाओं ने उसके भाई को किसी मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी. मामले को रफा-दफा करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की. डर के चलते परिवार ने तत्काल 20 हजार रुपये दे दिए.
तीन दिन बाद फिर पहुंचीं, पांच हजार रुपये और लिये
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 20 सितंबर को पांचों महिलाएं दोबारा उनके घर पहुंचीं और बकाया 80 हजार रुपये की मांग करने लगीं. दबाव बनाने के बाद परिवार ने गुड़िया झा नामक महिला को पांच हजार रुपये फिर दिए. पीड़िता का आरोप है कि महिलाओं ने मानवाधिकार आयोग और महिला समिति के आईडी कार्ड दिखाकर परिवार पर दबाव बनाया. परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले की शिकायत कर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

