Dhanbad News : धनबाद आरपीएफ की टीम ने शुक्रवार देर रात दून एक्सप्रेस से 120 जीवित कछुए बरामद किए हैं. कछुओं को छह थैलों में जूट के बोरों के अंदर भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था. बरामद सभी कछुए Indian Flapshell (Lissemys punctata) प्रजाति के हैं.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार आरपीएफ के अधिकारी व जवान ट्रेन संख्या 13010 योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस में गोमो से धनबाद के बीच गश्ती और चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान महिला कोच के अंतिम कंपार्टमेंट में छह थैले लावारिस अवस्था में मिले. पूछताछ के दौरान किसी यात्री ने थैलों पर अपना दावा नहीं किया.
संदेह होने पर ट्रेन के धनबाद पहुंचने पर सभी छह थैलों को प्लेटफार्म संख्या-2 पर उतारकर खोला गया. प्रत्येक थैले से 20-20, यानी कुल 120 जीवित कछुए बरामद हुए. आरपीएफ ने कछुओं को जब्त कर धनबाद आरपीएफ पोस्ट लाया. वन विभाग से संपर्क कर बरामद कछुओं को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

