- बुजुर्ग को घसीट कर फेंका
- वन विभाग की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने दिया धरना
Dhanbad News : जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत जाताखूंटी पंचायत के चरक ढोंगाबेड़ा गांव में एक बार फिर जंगली हाथियों के झुंड ने भारी तबाही मचाई है. लगभग 35 हाथियों के दल ने गांव में प्रवेश कर जमकर तांडव मचाया जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
हाथियों के इस हमले में करीब एक दर्जन घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए जबकि खेतों में खड़ी धान और मकई की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. घटना के दौरान हाथियों ने 65 वर्षीय मोती मोहली का घर तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और लगभग 200 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया .इस भीषण हमले में बुजुर्ग का पैर टूट गया है.
वन विभाग ने नहीं उठाया फोन, बीडीओ ने भेजी मदद
भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री दिनेश सिंह और स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शक्ति हेम्ब्रम सहित ग्रामीणों ने बताया कि घटना की रात वन विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन किसी ने भी फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा. वहीं सूचना मिलने पर बीडीओ विशाल पांडेय ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन की दो गाड़ियां मौके पर भिजवाईं.

हाथियों ने 12 घर ध्वस्त किए
6 घंटे चला धरना, आश्वासन के बाद शांत हुआ गुस्सा
वन विभाग की इस घोर लापरवाही और निष्क्रियता से नाराज ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर घटनास्थल पर ही धरना शुरू कर दिया. लगभग छह घंटे तक चले विरोध-प्रदर्शन के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची.अधिकारियों द्वारा पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने और तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया.

