Dhanbad News : गोमो रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 जिंदा कछुओं को बरामद किया है. ऑपरेशन WILEP के तहत यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात योगनगरी ऋषिकेश से हावड़ा जा रही दून एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13010) में की गई.
सभी कछुओं को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है. वहीं कछुओं को लावारिस छोड़कर फरार हुए व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.जानकारी के अनुसार गया से धनबाद तक दून एक्सप्रेस में आरपीएफ का मार्गरक्षण दल तैनात था. इसी दौरान जवानों ने ट्रेन के जनरल कोच में जांच शुरू की.तलाशी के दौरान कोच में तीन थैले और एक बैग लावारिस हालत में मिले.
आरपीएफ जवानों ने आसपास मौजूद यात्रियों से सामान के संबंध में पूछताछ की लेकिन किसी ने भी इन थैलों और बैग पर अपना दावा नहीं किया. संदेह होने पर आरपीएफ ने सामान की तलाशी ली. तलाशी के दौरान चारों सामान के अंदर Indian Flapshell (Lissemys punctata) प्रजाति के कुल 48 जीवित कछुए बरामद हुए.
इसके बाद आरपीएफ के उप निरीक्षक मोहम्मद शाकिब आलम ने गोमो स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर सभी कछुओं को नियमानुसार जब्त किया और उन्हें आरपीएफ पोस्ट लाया गया. बरामद कछुओं को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत संरक्षण देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया.आरपीएफ अब कछुओं को लावारिस छोड़कर फरार हुए व्यक्ति की पहचान में जुटी है. इसके लिए ट्रेन में मौजूद यात्रियों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.

