Dhanbad : सावन मास की पहली सोमवारी पर ऐतिहासिक अलकडीहा बूढ़ा बाबा धाम में आस्था का अनुपम नजारा देखने को मिला. तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे.हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर हो उठा.
श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति तथा विश्व कल्याण की कामना की.करीब 200 वर्ष पुराने इस प्राचीन शिवधाम में भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही, घी, शहद, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.
मान्यता है कि अलकडीहा बूढ़ा बाबा धाम में सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत भगवान भोलेनाथ अवश्य पूरी करते हैं.यही आस्था हर सावन में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं को इस पावन धाम तक खींच लाती है.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी ने सुरक्षा, कतार प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए.सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर संध्या में बाबा भोलेनाथ का हजारों कमल के फूलों से भव्य और अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा.
इसके बाद विशेष महाआरती का आयोजन होगा तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि अलकडीहा बूढ़ा बाबा धाम केवल एक मंदिर नहीं बल्कि उनकी अटूट आस्था और विश्वास का केंद्र है. उनका मानना है कि यहां श्रद्धा और भक्ति के साथ जलाभिषेक करने वाले भक्तों की हर मनोकामना भगवान भोलेनाथ अवश्य पूरी करते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment