Dhanbad News : धनबाद जिले के गोविंदपुर में रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की. डीसी आदित्य रंजन व एसएसपी प्रभात कुमार ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाओ अभियान की निगरानी की. इस दौरान एनएच-19 के किनारे अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों, दुकानों व अन्य निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया.
इसे भी पढ़ें
प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए पिछले छह महीने से नोटिस और मुनादी के जरिए लोगों को चेतावनी दी जा रही थी. करीब 80 प्रतिशत लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया था. बाकी अवैध कब्जों को अभियान चलाकर हटाया गया.
जाम से मरीजों से लेकर छात्रों तक को परेशानी
डीसी ने बताया कि एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण और भारी वाहनों के दबाव के कारण गोविंदपुर में लंबा जाम लग रहा था. एंबुलेंस फंसने, मरीजों की जान पर संकट आने, लोगों की ट्रेन छूटने और छात्रों की परीक्षा प्रभावित होने जैसी शिकायतें मिल रही थीं. इसे देखते हुए अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क सुधारने का काम भी किया जा रहा है. ऊंची नालियों के स्लैब को सड़क के स्तर पर लाने, बिजली के पोल शिफ्ट करने और सर्विस लेन के गड्ढे भरकर रोलर चलाने का काम जारी है. फ्लाईओवर को अगले वर्ष नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
ट्रैफिक संभालने के लिए तैनात होंगे वॉलेंटियर
एसएसपी प्रभात कुमार ने ट्रैफिक डीएसपी को यातायात सुचारू रखने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया. वहीं, फ्लाईओवर निर्माण एजेंसी को निर्माण क्षेत्र के दोनों ओर प्रशिक्षित वॉलेंटियर तैनात करने को कहा गया. वे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने में ट्रैफिक पुलिस की मदद करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

