धनबाद न्यूज, झारखंड न्यूज, बीबीएमकेयू धनबाद, आजसू छात्र संघ अनशन, कुलपति खिलाफ खोला मोर्चा, Lagatar News,
Dhanbad News : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू), धनबाद प्रशासन की नीतियों और कथित वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ आजसू छात्र संघ ने मोर्चा खोल दिया है. विश्वविद्यालय के कुलपति और अधिकारियों की कार्यशैली के विरोध में सोमवार को छात्र संघ के छात्र विश्वविद्यालय के मेन गेट पर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए. आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के हितों की अनदेखी करने और विभिन्न मामलों में पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें
संघ के प्रदेश सचिव विशाल महतो ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन में विभिन्न स्तरों पर वित्तीय गड़बड़ियां की जा रही हैं. पीएचडी प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन अब तक जारी नहीं किया गया है. इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है. वहीं, सीनेट की बैठक और दीक्षांत समारोह के मुद्दे पर भी विवि ने अब तक कोई लिखित जवाब नहीं दिया है.
विशाल महतो ने आउटसोर्सिंग निविदा प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने मांग की कि पूर्व में जारी निविदा को तत्काल निरस्त किया जाए और झारखंड सरकार की ओर से निर्धारित नवीनतम न्यूनतम मजदूरी और संशोधित वीडीए की दरों के आधार पर नई निविदा आमंत्रित की जाए.
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्रचलित नीतियों तथा जेम (GeM) के प्रावधानों के अनुरूप पात्र एमएसएमई इकाइयों और श्रम सहकारी समितियों को टर्नओवर, कार्यानुभव एवं ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) में नियमानुसार छूट मिलनी चाहिए.इससे छोटी इकाइयों और श्रम सहकारी समितियों को भी निविदा प्रक्रिया में निष्पक्ष भागीदारी का अवसर मिल सकेगा. कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, अनशन जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

