Dhanbad News : धनबाद शहर के नॉर्थ लोको टैंक स्थित पंपू तालाब की बदहाल स्थिति ने छठ व्रतियों की परेशानी बढ़ा दी है. तालाब में पानी का स्तर काफी नीचे चले जाने और गाद जमा होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. व्रतियों की सुविधा को देखते हुए झारखंड मैदान में पहली बार कृत्रिम तालाब का निर्माण कराया जा रहा है. यहां डीएस कॉलोनी, अजंता पाड़ा, चीरागोड़ा और आसपास के छठ व्रती अर्घ्य देंगे.
इसे भी पढ़ें
झारखंड मैदान में सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति और देव सेना की ओर से छठ घाट का निर्माण शुरू कर दिया गया है. फिलहाल ईंट जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है. प्रस्तावित कृत्रिम तालाब की लंबाई 90 फीट और चौड़ाई 12 फीट होगी. व्रतियों को पानी में उतरने और अर्घ्य देने में परेशानी न हो इसके लिए तालाब के चारों ओर सीढ़ियां भी बनाई जा रही हैं.
पूजा समिति के मीडिया प्रभारी विकास साव ने बताया कि पंपू तालाब की स्थिति बेहद खराब है. जलस्तर काफी नीचे चला गया है और तालाब में गाद अधिक है. ऐसी स्थिति में यह तालाब छठ व्रतियों के लिए उपयुक्त नहीं है. इसे देखते हुए ही इस वर्ष झारखंड मैदान में कृत्रिम तालाब बनाने का निर्णय लिया गया.
उन्होंने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डीएस कॉलोनी मोड़ से झारखंड मैदान मोड़ तक कारपेट भी बिछाई जाएगी. ताकि व्रतियों को घाट तक पहुंचने में सहूलियत हो. पंपू तालाब की बदहाली के बीच झारखंड मैदान में तैयार हो रहा यह कृत्रिम घाट आसपास के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

