Dhanbad News :शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन व नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया.
अभियान की शुरुआत रणधीर वर्मा चौक से हुई जो कोर्ट परिसर रोड होते हुए डीआरएम चौक तक चलाया गया.इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाई गई दर्जनों दुकानों, ठेलों और अन्य अतिक्रमण को हटाया गया.
अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे और फुटपाथ पर कब्जा कर दुकान या ठेला लगाने वालों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करें. दुकानदारों और ठेला संचालकों को वैकल्पिक स्थान पर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया.
अधिवक्ताओं के पार्किंग स्थल पर भी हो रहा था अतिक्रमण
एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि धनबाद शहर में लगातार जाम की समस्या बनी हुई है. खासकर कोर्ट परिसर के आसपास सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था. अधिवक्ताओं के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल पर भी दुकानें और ठेले लगाए जा रहे थे जिससे पार्किंग व्यवस्था के साथ-साथ आवागमन में भी परेशानी हो रही थी.
उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. प्रशासन का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराना तथा आम लोगों को जाम से राहत दिलाना है.अभियान के दौरान नगर निगम अधिकारी अनिल कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर जय प्रकाश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस व सुरक्षाबल मौजूद रहे.

