Search

 
 
 

Dhanbad News : ढुल्लू महतो के आरोपों पर अरूप चटर्जी का पलटवार, कहा- सांसद के गैंगस्टर प्रिंस खान से हैं संबंध

अरूप चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी संसद सत्र में धनबाद में कोयला चोरी की CBI जांच की मांग करेगी. उन्होंने सांसद को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे उन्हें कोयला चोरी से जोड़ते हैं, तो संसद में उनके नाम से प्रश्न उठाकर CBI जांच की मांग करें.
 
प्रेसवार्ता में जानकारी देते निरसा विधायक अरूप चटर्जी व अन्य.

Dhanbad : धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो द्वारा एक दिन पहले लगाए गए आरोपों पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने पलटवार किया है. उन्होंने बुधवार को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा. सांसद पर कई गंभीर आरोप भी लगाए. कहा कि ढुल्लू महतो के संबंध गैंगस्टर प्रिंस खान से हैं. उन्होंने दावा किया कि इसके रिकॉर्ड संबंधित एजेंसियों के पास मौजूद हैं.

 


विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि सांसद ने विदेश, खासकर दुबई में अपना ठिकाना बना रखा है. हालांकि उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया. उन्होंने सरकार से ढुल्लू महतो का पासपोर्ट जब्त करने की मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए.


उन्होंने सांसद के आरोपों का जवाब देते हुए कई मुद्दों पर पलटवार किया. कोयला चोरी से लेकर व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पर अपनी प्रतिक्रिया दी. कहा कि धनबाद की जनता का दुर्भाग्य है कि उसने ऐसे सांसद को चुना है, जो सार्वजनिक जीवन में भाषा और मर्यादा का ध्यान नहीं रखता. सांसद ने उनके लिए टकला और कछुआ जैसे शब्दों का प्रयोग किया है, जो किसी जनप्रतिनिधि की गरिमा के अनुरूप नहीं है. ऐसे शब्दों का प्रयोग केवल उनका ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का अपमान है जिनके सिर पर बाल नहीं हैं. इस संदर्भ में उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सरदार वल्लभभाई पटेल, अमित शाह, राजनाथ सिंह, ओम बिरला समेत कई प्रमुख हस्तियों का उल्लेख किया.

 

 

 

सांसद द्वारा परिवार और संतान को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि उन्हें अपनी दोनों बेटियों पर गर्व है. उनकी बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कर रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं. कहा कि किसी व्यक्ति का मूल्य उसकी संतान के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए. इस दौरान उन्होंने सांसद के बेटे के नाम से जुड़े एक ईंट-भट्ठे के दस्तावेज दिखाने का भी दावा किया.  कहा कि ऐसे अन्य दस्तावेज भी समय आने पर सार्वजनिक किए जाएंगे.

 

अरूप चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी संसद सत्र में धनबाद में कोयला चोरी की CBI जांच की मांग करेगी. उन्होंने सांसद को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे उन्हें कोयला चोरी से जोड़ते हैं, तो संसद में उनके नाम से प्रश्न उठाकर CBI जांच की मांग करें. निष्पक्ष जांच होने पर पूरे मामले का सच सामने आ जाएगा.

 

विधायक ने दावा किया कि सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. कुछ मामलों में उन्हें सजा भी हो चुकी है. ऐसे व्यक्ति को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने रिकॉर्ड पर भी ध्यान देना चाहिए. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही