Dhanbad : झारखंड विधानसभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण विशेष समिति ने मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में दूसरे दिन सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यों की समीक्षा की. समिति के सभापति टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, डीसी आदित्य रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में बीसीसीएल, एफसीआई, मैथन पावर, टाटा कोलियरी, हर्ल सहित विभिन्न उपक्रमों और विभागों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई. बीसीसीएल के एरिया-9, 10 व 11 में सरकारी, वन व रैयती भूमि पर डंप किए गए ओवर बर्डन की मापी को लेकर चर्चा हुई. डीसी आदित्य रंजन ने ड्रोन से सर्वेक्षण कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे समिति ने स्वीकृति दे दी. इस कार्य के लिए आईआईटी-आईएसएम, धनबाद से तकनीकी सहयोग लेने की भी बात कही गई. बीसीसीएल प्रबंधन ने भी सहमति जताई कि यदि सरकारी, वन या रैयती भूमि पर ओवर बर्डन डंप किया गया है तो नियमानुसार उसका भुगतान किया जाएगा.
बिना अनुमति उपयोग की गई सरकारी जमीन की होगी जांच
समिति ने मैथन पावर द्वारा निरसा में तथा टाटा कोलियरी द्वारा सिजुआ व भेलाटांड़ में कथित रूप से बिना अनुमति उपयोग की गई सरकारी जमीन की मापी कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
एफसीआई की टोल वसूली पर उठे सवाल
सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने एफसीआई द्वारा आरसीडी (सड़क निर्माण विभाग) की सड़क पर टोल वसूली का मुद्दा उठाया. कहा कि गोविंदपुर-बलियापुर-सिंदरी रोड के खालसा मोड़ से आरएमके-4 तक और सिंदरी के एसएल-2 से हटिया (शहरपुरा) रोड तक वाहनों से टोल वसूला जा रहा है, जबकि सड़क आरसीडी की है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सड़क का निर्माण और रखरखाव आरसीडी करता है, तो एफसीआई किस अधिकार से टोल वसूल रहा है. इस पर समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा, डीएलएओ राम नारायण खालको, डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद, बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व उपक्रमों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment