Dhanbad : देश की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा योगदान देने वाले सेवा क्षेत्र के आंकड़ों को अधिक सटीक, विश्वसनीय और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) ने शुक्रवार को ASISSE-2026 (Annual Survey of Incorporated Sector Service Enterprises) पर हितधारक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया.
कार्यशाला में निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों को सर्वेक्षण की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सही व गुणवत्तापूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने की अपील की गई.
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) उप क्षेत्रीय कार्यालय धनबाद की ओर से होटल सोनोटेल में आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन उप महानिदेशक कुमार सुंदरम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर सहायक निदेशक जय प्रकाश साह और नयन दीप गुप्ता सहित कई अधिकारी व विभिन्न सेवा क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
सेवा क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
स्वागत भाषण में नयन दीप गुप्ता ने राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न सांख्यिकीय सर्वेक्षणों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ASISSE-2026 का उद्देश्य सेवा क्षेत्र से जुड़े निगमित उद्यमों का नियमित, विश्वसनीय और व्यापक डेटा एकत्र करना है. उन्होंने कहा कि सभी उद्यमों की सक्रिय भागीदारी से ही यह सर्वेक्षण सफल हो सकेगा.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप महानिदेशक कुमार सुंदरम ने कहा कि देश की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में सेवा क्षेत्र का योगदान 50 प्रतिशत से अधिक है. यही कारण है कि इसे भारतीय अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन माना जाता है.उन्होंने कहा कि अब तक सेवा क्षेत्र का नियमित और व्यवस्थित डेटा उपलब्ध नहीं हो पाता था. इस कमी को दूर करने के लिए भारत सरकार ने ASISSE के माध्यम से हर वर्ष सर्वेक्षण कराने की व्यवस्था की है ताकि नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए समय पर सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें.
समय पर सही डेटा उपलब्ध कराने की अपील
कुमार सुंदरम ने सभी निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सही और गुणवत्तापूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर ही प्रभावी आर्थिक नीतियां बनाई जा सकती हैं.
कार्यशाला में शामिल विभिन्न सेवा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी इस पहल का स्वागत किया. उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रमों से उद्यमों में जागरूकता बढ़ेगी और सर्वेक्षण के लिए समय पर डेटा उपलब्ध कराने में आसानी होगी.
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार इस कार्यशाला का उद्देश्य सेवा क्षेत्र के निगमित उद्यमों को ASISSE-2026 के प्रति जागरूक करना और उन्हें सर्वेक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है. इससे देश के सेवा क्षेत्र का विश्वसनीय डेटाबेस तैयार होगा जो भविष्य की आर्थिक नीतियों और विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment