Search

 
 
 

Dhanbad News : अवैध खनन पर चला BCCL का बुलडोजर, 35 नंबर खदान का मुहाना किया बंद

बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र अंतर्गत भौंरा स्थित बंद 35 नंबर खदान में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ बीसीसीएल प्रबंधन और सीआईएसएफ ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की.
 

Dhanbad : बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र अंतर्गत भौंरा स्थित बंद 35 नंबर खदान में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ बीसीसीएल प्रबंधन और सीआईएसएफ ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की.

 

Uploaded Image

छापेमारी के दौरान अवैध रूप से निकाला गया भारी मात्रा में कोयला जब्त किया गया जबकि खनन के लिए खोले गए अवैध मुहाने की भराई कर उसे बंद कर दिया गया. इस कार्रवाई से कोयला तस्करों और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया.

 

जानकारी के अनुसार बंद पड़ी 35 नंबर खदान का मुहाना खोलकर पिछले लगभग एक महीने से अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था. इसकी सूचना मिलने पर क्षेत्र के महाप्रबंधक तुनेश्वर पासवान के नेतृत्व में सीआईएसएफ और बीसीसीएल की आंतरिक सुरक्षा टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. 

 

टीम के खदान क्षेत्र में पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छापेमारी के समय अवैध मुहाने के अंदर करीब 40 मजदूर कोयला काटने के काम में लगे हुए थे. सुरक्षा बलों और अधिकारियों को देखते ही सभी मजदूर खदान से बाहर निकलकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए. 

 

हालांकि मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी.जांच के दौरान खदान के आसपास बड़ी संख्या में बोरियों में भरकर रखा गया कोयला बरामद किया गया. अधिकारियों का मानना है कि तस्करों की योजना रात के अंधेरे में इन बोरियों को वाहनों के माध्यम से विभिन्न अवैध कोयला भट्ठों और बाजारों तक पहुंचाने की थी.छापेमारी के दौरान बरामद कोयले को जब्त कर लिया गया. जब्त किए गए कोयले को बीसीसीएल के हाइवा वाहनों में पेलोडर की सहायता से लोड कर सुदामडीह एएसपी कोलियरी स्थित डिपो में जमा कराया गया. 

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि 35 नंबर खदान के आसपास अभी भी कई अन्य अवैध मुहाने खुले हुए हैं जहां दिन-रात अवैध खनन का कार्य जारी है. लोगों का आरोप है कि नियमित गश्त और निगरानी के बावजूद कोयला तस्करों के नेटवर्क पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है.

 

कुछ स्थानीय निवासियों ने यह भी दावा किया कि अवैध खनन की शिकायत करने वालों की पहचान तस्करों तक पहुंच जाती है जिसके कारण शिकायतकर्ताओं को धमकियों का सामना करना पड़ता है.

 

अधिकारियों ने बताया कि कुछ अवैध खनन स्थलों तक भारी मशीनों और वाहनों की पहुंच नहीं होने के कारण तत्काल कार्रवाई करना संभव नहीं हो पाया लेकिन जल्द ही ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर व्यापक अभियान चलाया जाएगा.

 

बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बंद खदानों में हो रहे अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर ऐसे सभी अवैध मुहानों को बंद करने और तस्करी के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि कोयला संपदा की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अवैध खनन पर सख्ती जरूरी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही