Dhanbad News : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को धनबाद में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. सिटी सेंटर चौक स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं और आसपास के परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया.
धनबाद विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया. कार्यकर्ताओं ने परिसर की सफाई करने के साथ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश को भाजपा सेवा पखवाड़े के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है.उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने देश को सेवा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया. उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है.कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा स्थानीय लोग भी मौजूद रहे.

