Dhanbad : संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत करेगी. यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा. अभियान के माध्यम से समाज में समरसता, सामाजिक एकता और संत परंपरा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.यह जानकारी पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी ने मंगलवार को धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता में दी.
उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन 29 जुलाई को समरसता दीप महोत्सव के तहत देशभर के 51 हजार मंदिरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा. धनबाद जिले के करीब 150 मंदिरों में 2100 दीप जलाकर गुरु रविदास को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा.इसके तहत संतों, महंतों और धार्मिक गुरुओं से संपर्क कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया जाएगा.
अमर बाउरी ने कहा कि कलश वंदन अभियान के तहत वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी 131 कलशों में भरकर देशभर में पहुंचाई जाएगी. इसके लिए 14 सदस्यीय टीम बुधवार को झारखंड के लिए रवाना होगी. यह टीम गढ़वा, लातेहार और पलामू होते हुए 31 जुलाई को रांची पहुंचेगी. इसके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 4 अगस्त को रांची में भव्य कार्यक्रम के बाद यह पवित्र मिट्टी झारखंड के सभी जिलों में भेजी जाएगी. वहां से इसे गांव-गांव के मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment