- न्यूनतम वेतन 30 हजार करने की मांग
Dhanbad News : श्रमिकों की लंबे समय से लंबित मांगों और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की ओर से रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया.
धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में श्रमिकों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया. इसी कड़ी में धनबाद में भी बीएमएस कार्यकर्ताओं और श्रमिकों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया.
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करना शामिल है. इसके अलावा EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने और महंगाई भत्ता देने की मांग की गई.
बीएमएस ने पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू करने की मांग भी की.वहीं आंगनबाड़ी सेविकाओं समेत अन्य योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने और उनके मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी की मांग की गई. प्रदर्शनकारियों ने श्रम संहिताओं में मौजूद श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने की भी मांग की.
बीएमएस नेताओं ने कहा कि श्रमिकों की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है. सरकार को श्रमिकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक श्रमिकों की मांगों का समाधान नहीं होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

