Search

Dhanbad News : बरवाअड्डा में मिले शव की हुई पहचान, पंचायत समिति सदस्य ने बेटे की हत्या की आशंका जताई

Dhanbad :   जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मिले शव की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अमलाटांड़ गांव निवासी व अमरपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य राजू अंसारी के 19 वर्षीय बेटे सादीक अंसारी के रूप में हुई है.

 

रविवार देर शाम जब सादीक का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.  परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

 

जानकारी के अनुसार, बीते 7 मई (गुरुवार) की सुबह बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-19 पर सहरजोड़ी काली मंदिर के समीप जंगल में एक युवक का शव बरामद किया गया था. सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया. 

 

उस समय शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस मामले की जांच में जुटी थी. बाद में अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सादीक अंसारी के रूप में की.  राजू अंसारी ने बताया कि सादीक 5 मई को अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था. 

 

इधर शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी गुस्सा देखा जा रहा है. ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि सादीक की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

 

जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी और जेएलकेएम नेता एकलाख अंसारी ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे अल्टीमेटम दिया है. कहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ गोविंदपुर थाना का घेराव किया जाएगा.

 

नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन गया है और पुलिस अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है. 

 

इधर परिजनों की शिकायत पर गोविंदपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//