Dhanbad News : बलियापुर थाना क्षेत्र के गोलमारा जंगल में बुधवार को एक युवक का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था. शरीर का कमर के नीचे का हिस्सा गायब था.
परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर शव की पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में की.
बताया जा रहा है कि अनूप लोन लिया हुआ था और उस पर कर्ज भी था. हालांकि कर्ज का उनकी मौत से कोई संबंध था या नहीं इस संबंध में फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है. बुधवार को जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची.
शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी. शरीर का निचला हिस्सा गायब होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि जंगल में रहने के दौरान जंगली जानवरों ने उसे क्षत-विक्षत कर दिया होगा.
पुलिस ने परिजनों की मदद से शव की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी.पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

