Search

 
 
 

Dhanbad News : स्टेशन रोड पर बुलडोजर कार्रवाई,30 दुकानें ध्वस्त,परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट

Dhanbad News : बुलडोजर गरजा और देखते ही देखते सड़क किनारे बनी करीब 30 दुकानें मलबे में तब्दील हो गईं. पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला और सुरक्षा बल मुस्तैद रहे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने.
 
स्टेशन रोड पर बुलडोजर कार्रवाई

Dhanbad News : स्टेशन रोड की तस्वीर गुरुवार सुबह अचानक बदल गई.जब रेल मंडल के अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. बुलडोजर गरजा और देखते ही देखते सड़क किनारे बनी करीब 30 दुकानें मलबे में तब्दील हो गईं. पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला और सुरक्षा बल मुस्तैद रहे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने.

 

 

सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण के लिए कार्रवाई

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नगर निगम द्वारा स्टेशन रोड के किनारे नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है.इन्हीं विकास परियोजनाओं में संभावित अवरोध को दूर करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई. प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी और सुगम होगी जिससे यात्रियों व आम लोगों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी.

 

​तीन दशक की कमाई पलभर में उजड़ गई

​कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदारों के चेहरे पर बेबसी और भविष्य की अनिश्चितता साफ झलकती दिखी. कई दुकानदारों ने बताया कि वे बीते करीब 28 वर्षों से इसी स्थान पर छोटी दुकानें चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे और यही उनकी कमाई का इकलौता सहारा था.दशकों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही देर में ढह जाने से उनके सामने घर चलाने और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई जैसी बुनियादी जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है.

 

​वैकल्पिक व्यवस्था और मानवीय पहल की गुहार

​दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे शहर के विकास या सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ नहीं हैं लेकिन उनके पुनर्वास और आजीविका का ख्याल भी रखा जाना चाहिए. प्रभावित परिवारों ने रेल प्रशासन और जिला प्रशासन से मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने या दोबारा रोजगार शुरू करने की अनुमति देने की मांग की है ताकि वे सम्मान के साथ अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही