Search

 
 
 

Dhanbad News: राजगंज के अवैध डिपो के बाहर मौत मामला, 9 लाख में हुआ मुआवजा समझौता

धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र स्थित डोमनपुर में कथित अवैध कोयला डिपो के बाहर हुई सड़क दुर्घटना के बाद मुआवजा भुगतान को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. हादसे में मोटरसाइकिल सवार दुलाल कुम्हार की मिनी हाईवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी.
 

Dhanbad: धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र स्थित डोमनपुर में कथित अवैध कोयला डिपो के बाहर हुई सड़क दुर्घटना के बाद मुआवजा भुगतान को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. हादसे में मोटरसाइकिल सवार दुलाल कुम्हार की मिनी हाईवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए सड़क जाम कर आंदोलन शुरू कर दिया था.

 

बताया जा रहा है कि आंदोलन के दौरान एक कथित बिचौलिया ब्यास ने बीच-बचाव कर समझौता कराया. सूत्रों के मुताबिक मृतक की पत्नी फूल कुमारी को कुल 9 लाख रुपये मुआवजा दिया गया, जिसमें 4 लाख रुपये चेक और 5 लाख रुपये नकद शामिल हैं. हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यह राशि किसकी ओर से दी गई और भुगतान करने वाले लोग सार्वजनिक रूप से सामने क्यों नहीं आए.

 

घटना के बाद इलाके में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि जिस कथित अवैध डिपो से वाहन निकल रहा था, उस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला डिपो और अवैध खनन का कारोबार चल रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही.

 

गिरीडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने कहा कि मुआवजा राशि भट्ठा मालिक की ओर से दी गई है. हालांकि उन्होंने इस घटना को महज दुर्घटना नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही बताते हुए अवैध डिपो और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इधर स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि आखिर पूरे मामले में पर्दे के पीछे कौन लोग सक्रिय थे और किसके इशारे पर समझौता कराया गया. मामले को लेकर अब पुलिस की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 



Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही