Dhanbad News : धनबाद जिले में मवेशी चोरों का आतंक बढ़ गया है. अब ग्रामीण इलाकों में रात के समय घरों के बाहर या सड़क किनारे घूम रहे मवेशियों को कार में लादकर उठा ले जाने का मामला सामने आया है. तेतुलमारी थाना क्षेत्र में पिछले 10 दिनों में चार मवेशियों की चोरी होने की शिकायत सामने आई है.
इसे भी पढ़ें
बताया जा रहा है कि चोर अब मवेशियों को ले जाने के लिए कार का इस्तेमाल कर रहे हैं. सड़क किनारे लगे CCTV कैमरे में कुछ लोगों को रात के अंधेरे में मवेशियों को पकड़कर कार में लादते हुए देखा गया है. फुटेज सामने आने के बाद इलाके में मवेशी चोरी को लेकर पशुपालकों की चिंता और बढ़ गई है.
नगरीकला बस्ती निवासी सुभाष महतो के दो मवेशी 27 सितंबर को आठ लेन सड़क पर सर्वमंगला स्कूल के समीप से चोरी हो गए. इससे पहले 20 सितंबर की रात सिजुआ-राजगंज मुख्य मार्ग स्थित तेतुलियाटांड़ बस्ती के पास से नकुल कुमार के दो मवेशी गायब हो गए थे.
काफी खोजबीन के बाद भी जब मवेशियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो सड़क किनारे लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में कुछ लोग मवेशियों को जबरन कार में लादकर ले जाते हुए दिख रहे हैं. पीड़ित पशुपालकों ने तेतुलमारी थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

