Dhanbad News: लोक आस्था का महापर्व छठ पर धनबाद के बलियापुर में सोमवार की सुबह आस्था और परंपरा का एक अनोखा संगम देखने को मिला. भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के बाद जहां व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. वहीं एक ऐसी परंपरा भी निभाई गई, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा. इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे.
इसे भी पढ़ें:
सिर पर सूप लेकर कतार में निकलीं व्रतियां
बलियापुर प्रखंड के सुरुंगा गांव में छठ महापर्व के अवसर पर सोमवार की सुबह सैकड़ों व्रतियों ने छठ घाट पर उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. इसके बाद व्रतियों ने अपने सिर पर पूजा का सूप रखा और कतारबद्ध होकर गांव की ओर रवाना हुईं. इस दौरान व्रतियों के चेहरे पर आस्था और श्रद्धा का भाव साफ झलक रहा था.
लेटे बच्चे लांघकर व्रतियों ने निभाई परंपरा
इस अनोखी परंपरा का सबसे खास दृश्य तब देखने को मिला, जब गांव पहुंचने के रास्ते में 50 से अधिक बच्चे सड़क पर लेटे रहे. उनके अभिभावक बच्चों को सड़क पर लिटाकर व्रतियों के आने का इंतजार किया. सिर पर सूप लेकर कतार में आगे बढ़ती व्रतियों ने एक-एक कर बच्चों को लांघते हुए अपनी परंपरा पूरी की.
स्थानीय मान्यता के अनुसार छठ व्रतियों के बच्चों को लांघकर गुजरने से उन्हें बीमारियों और संकटों से सुरक्षा मिलती है. साथ ही बच्चों के स्वस्थ, सुखी और खुशहाल जीवन की कामना भी पूरी होती है. इसी आस्था के चलते ग्रामीण हर वर्ष इस परंपरा का निर्वहन करते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

