Dhanbad News : पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक जफर आजम ने सोमवार को धनबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया. उनसे सुविधाओं, स्वच्छता और खानपान से संबंधित फीडबैक लिया. उनसे सुझाव भी मांगा.
इसे भी पढ़ें
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर संचालित खानपान स्टॉलों की जांच की. वहां उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी ली. स्टॉल संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों में यात्रियों से बातचीत की. यात्रियों से पूछा कि उन्हें यात्रा के दौरान किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं और स्वच्छता एवं खानपान सेवाओं को लेकर कोई परेशानी तो नहीं है. यात्रियों के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें. यात्रियों को बेहतर खानपान सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने यात्री सुविधाओं में सुधार लाने पर भी जोर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

