Dhanbad News : बलियापुर के बेलगड़िया टाउनशिप में बीती रात खेलते-खेलते एक मासूम पानी सप्लाई के लिए रखे बड़े पाइप के अंदर फंस गया. पाइप में फंसे बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
इसे भी पढ़ें...
इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से उसे बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. वहीं, खुले मैदान में हजारों पाइप रखे जाने की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई.
खेलते-खेलते पाइप के अंदर चला गया आयुष
जानकारी के अनुसार, बेलगड़िया टाउनशिप में दामोदर नदी से पानी की आपूर्ति करने के लिए हजारों पाइप मैदान में रखे गए हैं. बीती रात डब्लू शर्मा का पुत्र आयुष खेल रहा था. इसी दौरान वह एक पाइप के अंदर चला गया और उसमें फंस गया.
बाहर निकलने में असमर्थ होने पर उसने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई. बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर की.
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलने पर बेलगड़िया टीओपी प्रभारी एमडी इरफान अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया. पाइप को हटाने के लिए एक गाड़ी भी मंगाई गई थी ताकि उसके जरिए बच्चे को बाहर निकाला जा सके.
हालांकि गाड़ी की मदद से पाइप हटाने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही ग्रामीणों और पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से आयुष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बच्चे के बाहर निकलते ही लोगों ने राहत की सांस ली.
हादसे ने खड़े किए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले मैदान में बड़ी संख्या में पाइप रखे जाने के तरीके पर चिंता जताई. ग्रामीणों का कहना है कि मैदान में इस तरह पाइप रखने से बच्चों के लिए खतरा बना रहता है.
खेलते समय कोई भी बच्चा अनजाने में पाइप के अंदर जा सकता है और ऐसी घटना दोबारा हो सकती है. ग्रामीणों ने पाइपों को सुरक्षित तरीके से रखने और आसपास उचित सुरक्षा व्यवस्था करने की जरूरत बताई ताकि ऐसे हादसे से बचा जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

