Dhanbad News : लोकतंत्र की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर सिटू (CITU) ने शनिवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की. यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र-युवा आंदोलन और लोकतंत्र बचाओ अभियान के समर्थन में किया गया.
इसे भी पढ़ें
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है. उन्होंने पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों में वोट चोरी, धांधली और फर्जी तरीके से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के आरोप भी लगाए. वक्ताओं ने चुनाव के बाद वोटों में बड़े पैमाने पर हेरफेर किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
CITU नेताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए जा रहे छात्र-युवाओं को रास्ते में रोककर हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने इसे केंद्र सरकार का तानाशाही रवैया करार दिया. कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाने की बजाय उसे सुना जाना चाहिए.
CITU के धनबाद जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा. देश का युवा लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

