आजसू नेता अस्पताल से फरार
Dhanbad : धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा इलाके में बुधवार को आजसू समर्थकों व राम रहीम सेना से जुड़े लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लाठी-डंडे और कथित फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. संघर्ष में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. कई छोटे-बड़े वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, बांसजोड़ा इलाके में चल रहे कथित अवैध कोयला कारोबार को लेकर आजसू नेत्री रजनी देवी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी. आरोप है कि इससे नाराज होकर कोयला कारोबार से जुड़े लोगों व आजसू समर्थकों के बीच विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और सड़क पर खड़ी करीब छह से अधिक गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. कई राउंड फायरिंग होने की भी सूचना है, जिसमें 60 वर्षीय किसन रवानी घायल हो गए.बताया जा रहा है कि उनके पैर में गोली लगी है.उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायल आजसू नेता हीरालाल महतो समेत अन्य लोगों को इलाज के लिए SNMMCH ले जाया गया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आजसू समर्थक अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया. बताया जाता है कि इलाज के बाद घायल आजसू नेता हीरालाल महतो चुपके से अस्पताल से निकलने की कोशिश कर रहे थे. तभी सरायढेला थाना पुलिस उन्हें कस्टडी में लेकर पीसीआर वाहन में बैठाने लगी. पुलिस की इस कार्रवाई का आजसू समर्थकों ने विरोध किया, जिससे अस्पताल परिसर में हंगामा होने लगा.
आजसू समर्थकों व पुलिस में तीखी बहसबाजी हुई. धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई. हंगामे और अफरा-तफरी के बीच घायल आजसू नेता हीरालाल महतो बाइक पर बैठकर फरार हो गए. सरायढेला थाना के एक एसआई ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, जिसमें वह घायल हो गए. इसके बाद अन्य आजसू समर्थक भी मौके से निकल गए. घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी. सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हंगामा करने वालों की पहचान शुरू कर दी है.
लोयाबाद व सरायढेला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस फायरिंग, मारपीट, तोड़फोड़ व अस्पताल परिसर में हंगामे के बिंदु पर जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को कुछ भी बोलने से इनकार किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment