Search

 
 
 

Dhanbad News : कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट शुरू, आधुनिक जांच तकनीकों पर रहेगा फोकस

धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ बुधवार को हुआ. 5 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया.
 
उद्घाटन समारोह में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, एसएसपी प्रभात कुमार व अन्य.

Dhanbad : धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ बुधवार को हुआ. 5 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया. उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.

 

 

आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य पुलिस अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और आधुनिक बनाना है. इस आयोजन में क्राइम सीन मैनेजमेंट, फोटोग्राफी, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, पैकिंग, फॉरवर्डिंग व अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण होंगे. रेंज स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में हिस्सा लेते हैं और वहां से चयनित पुलिसकर्मी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं. 


एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं से पुलिस अधिकारियों व जवानों को आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक जांच पद्धतियों की जानकारी मिलेगी. इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और दक्षता बढ़ेगी. बदलते अपराध स्वरूप और संगठित अपराध से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस लगातार अपनी कार्यक्षमता और तकनीकी दक्षता को मजबूत कर रही है.


उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से धनबाद जिले में पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया डिजिटल कर दी गई है. इससे लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आई है और आवेदकों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवा मिल रही है.

 

कार्यक्रम में  सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस याकूब, डीएसपी प्रकाश सोय, साइबर डीएसपी प्रदीप साव, सीआईडी व एफएसएल के अधिकारी, जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद रहे.
 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही