- नेताओं ने की दावा-आपत्ति की समय-सीमा बढ़ाने की मांग
Dhanbad News : उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को धनबाद के समाहरणालय सभागार में जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की समीक्षा की. उन्होंने बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व जन प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर की प्रक्रिया, दावा-आपत्ति व मतदाताओं को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की. अधिकारियों से कहा कि इसका विशेष ख्याल रखें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में छूटे नहीं.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य त्रुटिरहित, पारदर्शी व समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है. बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावा-आपत्ति दर्ज कराने की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की. साथ ही आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया. कहा कि प्रक्रिया कठिन होने से लोगों को परेशानी हो रही है.
बैठक में सीमावर्ती राज्यों से विवाह कर धनबाद आई महिलाओं, खटालों में रहने वाले लोगों और नेपाली समुदाय के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने का मुद्दा भी उठा. राजनीतिक दलों ने स्पष्ट रूप से कहा कि एसआईआर के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए. इस पर आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझावों को लिखित रूप में देने को कहा ताकि उन्हें निर्वाचन आयोग के समक्ष भेजा जा सके.
दावा-आपत्ति के निष्पादन के लिए आवश्यकता के अनुसार बीएलओ को नोटिस तामिला कराने और घर-घर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया गया. दावा-आपत्ति की अवधि समाप्त होने के बाद प्रथम और द्वितीय सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके बाद नवंबर तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किए जाने की बात कही गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

