Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Dhanbad News :  क्राइम रेट 30% घटी, 460 मामले निष्पादित, SSP ने तय किए नए लक्ष्य

कोयले की राजधानी की खबरें
  • अपराध पर पुलिस का शिकंजा
  • लंबित मामलों को 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य
  • 574 वारंट निष्पादित
  • जून में 409 नए केस, 509 मामलों में चार्जशीट दाखिल

Dhanbad : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय में जून माह की अपराध समीक्षा बैठक हुई. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी मौजूद रहे.

 

बैठक में जून माह के अपराध, अनुसंधान, वारंट निष्पादन, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की विस्तृत समीक्षा की गई. प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जून में 409 नए मामले दर्ज किए गए. जबकि 460 मामलों का निष्पादन किया गया. इस तरह धनबाद पुलिस नए मामलों के पंजीकरण के साथ-साथ पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है.

 

Uploaded Image

लंबित मामलों में आई कमी

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर 1,794 रह गई है. उन्होंने इसे पूरी पुलिस टीम की सतत मेहनत और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताया. साथ ही अगले दो माह के भीतर लंबित मामलों की संख्या 1,600 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया.

 

वारंट निष्पादन के लिए चलेगा विशेष अभियान

बैठक में बताया गया कि जून माह के दौरान 574 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया, जो पिछले माह न्यायालय से जारी वारंटों की संख्या से 150 अधिक है. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को जुलाई में लंबित वारंट और कुर्की मामलों के कम-से-कम 50 प्रतिशत निष्पादित करने का निर्देश दिया. साथ ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए.

 

Uploaded Image

 

यूडी मामलों के निष्पादन में प्रगति, अपराध-सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी

अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी) मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लंबित यूडी मामलों की संख्या अब 1,000 से नीचे पहुंच गई है. इन मामलों के त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया लगातार जारी है. एसएसपी ने बताया कि पिछले वर्ष जिले में हर माह औसतन 600 आपराधिक मामले दर्ज होते थे. जबकि अब यह संख्या घटकर करीब 400 रह गई है. यानी जिले में अपराध दर में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है.

 

प्रभात कुमार ने कहा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. मई की तुलना में जून माह में सड़क दुर्घटनाओं में 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवर्तन अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.

 

509 मामलों में चार्जशीट और ऑनलाइन शिकायतों का निपटारा

अनुसंधान की समीक्षा में बताया गया कि जून माह के दौरान 509 पुराने मामलों में चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में समर्पित किया गया. वहीं ऑनलाइन प्राप्त 46 शिकायतों में से 30 का निष्पादन भी कर लिया गया.  बैठक के अंत में एसएसपी ने कहा कि लगातार अभियान, प्रभावी पुलिस कार्रवाई और बेहतर निगरानी के कारण जून माह में जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई.

 

प्रभात कुमार ने सभी अधिकारियों को संगठित अपराध के खिलाफ अभियान को और तेज करने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आम जनता को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही