Search

 
 
 

Dhanbad News : जामाडोबा में वर्चस्व को लेकर गोलीबारी, सीने में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल

जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार की अहले सुबह वर्चस्व को लेकर दो राउंड गोलीबारी हुई है. बताया जाता है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में रिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया.
 
  • अवैध लोहा कटिंग को लेकर विवाद की आशंका

Dhanbad :  जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार की अहले सुबह वर्चस्व को लेकर दो राउंड गोलीबारी हुई है. बताया जाता है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में रिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया.


गोली उसके सीने में लगी है. गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि रिक्की सिंह के सीने में अभी भी गोली फंसी हुई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. 

 

Uploaded Image


सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है.बरामद सामान को देखकर पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.


स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग जब घरों से बाहर निकले तो रिक्की सिंह को घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

 

Uploaded Image


घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनके पति शौच के लिए घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे.पति ने जब उन्हें देखकर शोर मचाया तो आरोपियों ने गोली चला दी. पत्नी ने आरोप लगाया कि हर्ष, गोपु और उनके अन्य साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी को लेकर गोली चलाई गई.

 

Uploaded Image


इधर सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि जामाडोबा पेट्रोल पंप के समीप डुमरी दो नंबर गली में सुबह करीब चार बजे गोलीबारी की घटना हुई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.  उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

 

वहीं एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे के लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.  पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी चोरी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है.

 

उन्होंने साफ कहा कि जिले में किसी भी हाल में अवैध कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस लगातार छापेमारी और जांच में जुटी हुई है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही