Search

 
 
 

Dhanbad News : साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

पुलिस ने चिरकुंडा थाना क्षेत्र में संदिग्ध सिम कार्ड जारी होने की जांच करते हुए संगठित साइबर ठग गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है.
 
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते ग्रामीण एसपी.

Dhanbad : धनबाद पुलिस को साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चिरकुंडा थाना क्षेत्र में संदिग्ध सिम कार्ड जारी होने की जांच करते हुए संगठित साइबर ठग गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम रविदास, बिनोद रविदास, गुलाब रविदास व आयुष सिंह शामिल हैं. यह जानकारी ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने सोमवार को प्रेसवार्ता में दी.

 


उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड व UCO बैंक ग्राहकों के मोबाइल नंबर व खाता नंबर से संबंधित डाटा बरामद किया गया है. यह गिरोह UCO बैंक के ग्राहकों को KYC अपडेट और खाता बंद होने का डर दिखाकर OTP हासिल कर उनके खाते से रुपए उड़ाता था.


उन्होंने बताया कि दूरसंचार विभाग से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि 1 जनवरी से 29 मई 2026 के बीच चिरकुंडा के मुकेश स्टोर से 64 संदिग्ध सिम कार्ड जारी किए गए थे. इनमें से 27 सिम नंबरों के खिलाफ NCRP पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज थी.


सिम खरीदकर साइबर अपराधियों को बेचता था आयुष

मामले की जांच के लिए निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस ने चिरकुंडा स्थित मुकेश स्टोर पर छापेमारी की, लेकिन दुकान बंद मिली. जांच में पुलिस को लायकडीह निवासी आयुष सिंह के बारे में जानकारी मिली. पुलिस के अनुसार, आयुष अपने पहचान पत्र का इस्तेमाल कर सिम कार्ड खरीदता था और उन्हें ऊंची कीमत पर साइबर ठगों को बेचता था. पूछताछ में उसने गिरोह के सदस्यों के नाम बताये. पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ लिया. प्रेम रविदास गिरोह का मुख्य सरगना है.


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे UCO mPassbook और UCO Secure ऐप का इस्तेमाल करते थे. बैंक ग्राहकों को फोन कर KYC अपडेट कराने व बैंक खाता बंद होने का झांसा देकर ग्राहकों के मोबाइल पर आया OTP हासिल कर उनके बैंक खाते से रकम वॉलेट में ट्रांसफर कर लेते थे. बाद में रकम निकालकर गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे.


ग्रामीण एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के नौ अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं. वे फिलहाल फरार हैं.पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही